भीषण गर्मी और चढ़ता पारा अब आम आदमी के साथ-साथ बिजली विभाग के लिए भी परेशानी का सबब बन गया है। बिजली की बढ़ती मांग और गर्म हवाएं विद्युत विभाग के उपकरणों पर कहर बनकर टूट रही हैं। आलम यह है कि विभाग को ट्रांसफार्मर और अन्य उपकरणों को फुंकने से बचाने के लिए कूलर आदि लगाने पड़ रहे हैं। इसके चलते विभाग के अधिकारियों के पसीने छूट रहे हैं। अधिकारी कह रहे हैं कि बढ़ते तापमान के चलते यह स्थिति पैदा हुई है।
बुधवार को तापमान ने इस मौसम के पिछले सारे रिकार्ड तोड़ दिए। गुरुवार को अधिकतम तापमान 46 डिग्री सेल्सियस को भी पार कर गया। इसके चलते दिनभर लोग भीषण गर्मी में तिलमिलाते रहे। लू ने आम जनजीवन को बुरी तरह से प्रभावित कर दिया। लोग कहीं जाने के लिए निकले तो कुछ ही देर में पेड़ की छांव और अन्य सहारा तलाश करते नजर आए। वहीं पानी पीने के लिए भी भटकते रहे। वहीं बिजली की डिमांड और पारा अचानक बढ़ने से बिजली विभाग के अधिकारियों के पसीने छूट गए हैं। कारण भीषण गर्मी के कारण अधिकारियों को फीडर में रखे ट्रांसफार्मर और ओसीबी बचाना भारी पड़ गया। बढ़ते तापमान में उपकरणों को फुंकने से बचाने के लिए अधिकारियों को ट्रांसफार्मर और ओसीबी रूम में कूलर तक लगाने पड़ गए। इसके बाद भी अधिकारियों को दिनभर रुक-रुक कर कटौती करनी पड़ी। उधर, अब तक अच्छी बारिश नहीं होने और मानसून कमजोर रहने की खबरों ने किसानों को चिंता में डाल दिया है। भीषण गर्मी और पछुआ गर्म हवाओं के चलते हर दूसरे दिन फसलों को सिंचाई की जरूरत पड़ रही है।
बिजलीघर 34
फीडर 105
फुंके ट्रांसफार्मर 230 औसतन प्रति माह
स्टाक ट्रांसफार्मर मांग के सापेक्ष मौजूद
विद्युत की मांग 70 मिलियन यूनिट
विद्युत की आपूर्ति 70 मिलियन यूनिट
एके श्रीवास्तव
अधीक्षण अभियंता विद्युत
दिनभर हुई कटौती से रहे बेहाल
बेवर। बुधवार को भीषण गर्मी में बेवर उपकेंद्र से जारी कटौती के चलते लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। विद्युत उपकेंद्र के एक कर्मचारी ने दूरभाष पर बताया कि उपकेंद्र पर लगे आठ एमवीए के ट्रांसफार्मर ओवरलोडिंग के चलते हीट हो जाते हैं और ऐसे में इनके फुंकने का पूरा अंदेशा रहता है। इसके चलते विद्युत सप्लाई बंद करनी पड़ती है। कर्मचारी ने बताया कि ट्रांसफार्मर के पास कूलर लगाने पर ट्रांसफार्मर हीट नहीं होंगे और सप्लाई को बंद नहीं करना पडे़गा। नगर पंचायत अध्यक्ष सरितकांत भाटिया ने उपखंड अधिकारी मेवाराम यादव से इस संबंध में बातचीत की है।