मैनपुरी। आगरा रोड स्थित चित्रगुप्त इंटर कालेज में चल रहे तीन दिवसीय स्काउट गाइड शिविर के दूसरे दिन छात्र-छात्राओं ने तंबू निर्माण कर रंगोली सजाई। इस दौरान प्रशिक्षकों ने छात्र-छात्राओं को विभिन्न जानकारी दी।
शिविर के दूसरे दिन प्रशिक्षक रामखिलाड़ी वर्मा ने कहा कि स्काउट गाइड शिविर में प्रशिक्षण लेने से छात्र-छात्राओं में सेवा एवं अनुशासन की भावना का विकास होता है। शिविर में प्रशिक्षक रामपाल गिरी और राममोहन मिश्र ने छात्र-छात्राओं को स्काउट गाइड नियम, मीनार बनाना, प्रतिज्ञा एवं सुरक्षा के नियमों की जानकारी प्रदान की। साथ ही योजना के सिद्धांत, स्काउटिंग का इतिहास, प्राथमिक चिकित्सा, सजावट, बिना बर्तनों के भोजन बनाना, प्रतीक चिह्न, बैज और उद्देश्यों के बारे में भी बताया। छात्र-छात्राओं ने तंबू निर्माण कर उसके नाम आकर्षक रंगोली सजाई। इस मौके पर डाक्टर राधेश्याम गौड, राममोहन मिश्रा, रामकिशन शुक्ला, सुमन सिंह, बेवी खुशनुमा, ब्रजपाल सिंह, मोहम्मद शमीम, रामखिलाड़ी वर्मा, वीरेंद्र गोस्वामी, गारगी मिश्रा सुनील कुमार आदि मौजूद थे।