फोटो 9, 10, 11, 12
- घायलों को पीजीआई सैफई मेंं कराया गया भर्ती, ग्रामीणों की मदद से आग पर पाया काबू
संवाद न्यूज एजेंसी
करहल। गांव नानमई स्थित प्राथमिक विद्यालय में बृहस्पतिवार सुबह बच्चों के लिए मिड-डे मील पकाते समय गैस रिसाव के चलते सिलिंडर में आग लग गई। आग ने कुछ ही देर में विकराल रूप ले लिया, तीन रसोइया गंभीर रूप से झुलस गईं। विद्यालय से शोर शराबा सुन कर ग्रामीण पहुंचे। ग्रामीणों के सहयोग से आग पर काबू पाया गया। आग में झुलसी महिलाओं को पीजीआई सैफई रेफर किया गया है।
विकास खंड क्षेत्र के गांव नानमई स्थित प्राथमिक विद्यालय में बृहस्पतिवार सुबह शिक्षक बच्चों को पढ़ा रहे थे। इस दौरान रसोई में गांव नानमई निवासी रसोइया सुनीता देवी, निर्मला देवी और सुदामा देवी बच्चों के लिए मिड-डे मील पका रही थीं। लीकेज के चलते सिलिंडर ने आग पकड़ ली। आग की चपेट में आकर तीनों महिलाएं झुलस गईं। रसोई से आग की लपटें निकलता देख स्टाफ के लोग भी घबरा गए। शोर शराबा सुनकर ग्रामीण एकत्रित हो गए। मिट्टी पानी आदि डालकर सिलिंडर में लगी आग पर काबू पाया गया। आग में झुलसी तीनों रसोइया को प्रधानाध्यापिका नीलम जैन ने ग्रामीणों के सहयोग से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया, वहां चिकित्सक और स्टाफ ने प्राथमिक उपचार देने के बाद सभी रसोइया को पीजीआई सैफई रेफर कर दिया गया। घटना की जानकारी होने के बाद खंड शिक्षाधिकारी दीपक कुमार ने पीजीआई पहुंच कर रसोइयों का हाल जाना और बेहतर उपचार की व्यवस्था कराई।
घटना के बाद सहमे नजर आए बच्चे, अभिभावक पहुंचे स्कूल
घटना की जानकारी के बाद कई अभिभावक बच्चों की कुशलता जानने स्कूल पहुंच गए। घटना के दौरान अफरा-तफरी के माहौल में विद्यालय में पढ़ने वाले बच्चे हुए सहमे हुए नजर आए। बच्चों की कुशल देखकर उन्होंने राहत की सांस ली।