मैनपुरी। बुधवार को एक बार फिर शहर की सड़कों को अतिक्रमण मुक्त कराने के लिए सीओ सिटी शैलेंद्र लाल ने क्रिश्चियन तिराहे से लेकर आगरा रोड तक अतिक्रमण को हटवाया। साथ ही अन्य दुकानदारों को दो दिनों में अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए। पालिका कर्मियों के साथ अभियान में सीओ सिटी ने फुटपाथ का अतिक्रमण कर रहे दुकानदारों का सामान जब्त कर लिया। अभियान दोपहर 1:30 बजे क्रिश्चियन तिराहे से शुरू हुआ और आगरा गेट चौकी पर जाकर समाप्त हुआ। सीओ सिटी ने बताया कि अभियान जारी रहेगा। अगला अभियान देवी रोड और लेनगंज में चलाया जाएगा। अतिक्रमण हटाओ अभियान के दौरान जेई नगर पालिका समेत बड़ी संख्या में पुलिस बल मौजूद रहा।