मैनपुरी। जनपद के निजी स्कूल में संदिग्ध परिस्थिति छत से कूदकर छात्र की मौत के मामले में परिजन सोमवार को जिलाधिकारी से कार्रवाई की मांग के लिए शिकायत देने पहुंचे।
उन्होंने डीएम को पूरी घटना बताई और आरोप लगाया कि अभी तक मामले में किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। डीएम ने बताया कि जांच करने के लिए एक टीम का गठन होगा। जिसमें पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी रहेंगे।
बता दें 22 नवंबर 2025 को सुदिति ग्लोबल स्कूल में पढ़ रहे कक्षा 9 के छात्र वंश कश्यप की संदिग्ध परिस्थिति में छत से गिरकर मौत हो गई थी। इसके बाद पुलिस ने इस मामले में प्राथमिकी दर्ज की थी। वहीं परिजन इसमें लगातार आरोप लगा रहे हैं कि उनके पुत्र की हत्या की गई है। सोमवार को मृतक छात्र के परिजन जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचे और शिकायत देकर आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की।
उन्होंने आरोप लगाया कि उनके पुत्र की मौत के मामले में प्राथमिकी दर्ज हो गई लेकिन अभी तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई। जिलाधिकारी डाॅ. इंद्रमणि त्रिपाठी ने इस मामले में एसपी गणेश प्रसाद साहा से बात की। डीएम ने बताया कि इस मामले में एक टीम बनेगी जो पूरे मामले की जांच करेगी।