तहसील सदर में नए मतदाताओं को मताधिकार की शपथ दिलाते हुए अपर जिलाधिकारी/उप निवार्चन अधिकारी डा. चंद्र भूषण ने कहा कि लोकतांत्रिक प्रक्रिया में हमारे संविधान ने भारत के प्रत्येक व्यस्क नागरिक को मत देने का अधिकार दिया है। मतदाताओं के चुने गये जनप्रतिनिधि ही देश को नई दिशा देने के साथ-साथ विकास के पथ पर अग्रसर करते हैं इसलिए सभी के मत का बहुत महत्व है। आप सब प्रत्येक निर्वाचन में मताधिकार करें और देश के सर्वांगीण विकास में अहम भूमिका निभाएं।
उपजिलाधिकारी सदर सत्य नरायान यादव ने कहा कि समाज का पढ़ा लिखा तबका ही अपने मताधिकार का प्रयोग करने में रुचि नहीं रखता जबकि वह भली भांति जानता है कि उसका मत देश के लिए कितना उपयोगी हैं। उन्होंने सभी का आह्वान करते हुए अपील की कि सभी मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग अवश्य करें। जिला सैनिक कल्याण अधिकारी मेजर सुरेश चन्द्र यादव ने कहा कि लोकतंत्र की रक्षा के लिए मतदान अति आवश्यक है। कार्यक्रम के दौरान सराहनीय कार्य करने वाले बीएलओ, स्वीप के अंतर्गत आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कार वितरित किये।
रमईहार प्रावि की बीएलओ बिशना को सबसे अच्छा कार्य करने पर सम्मानित किया। वहीं भाषण प्रतियोगिता में प्रज्ञा पाराशर को प्रथम, आकांक्षा सोलंकी को द्वितीय एवं एकता राठौर को तृतीय पुरस्कार प्रदान किये। पोस्टर प्रतियोगिता में जूनियर वर्ग में कृतिका को प्रथम, शीनू कुमार को द्वितीय, शालिनी चौहान को तृतीय, सीनियर वर्ग में उपासना चौहान को प्रथम, सदफ सरवाज को द्वितीय, पूनम शाक्य को तृतीय, निबंध प्रतियोगिता में सोनिका तोमर को प्रथम, नेहा शाक्य को द्वितीय, दुर्गा कुशवाहा को तृतीय पुरस्कार प्रदान किये गये। इसके अतिरिक्त रंगोली प्रतियोगिता, लोकगीत लोक नृत्य, कोलाज, नुक्कड़ नाटक, निबंध लेखन, नारा लेखल, कार्टून, पोस्टर प्रतियोगिताओं के विजेताओं को भी पुरस्कार प्रदान किए गए।
एसडीएम ने मतदाता दिवस पर दिलाई शपथ
जैन इंटर कालेज में रविवार को राष्ट्रीय मतदाता दिवस पर उप जिलाधिकारी विजय प्रताप ने शिक्षकों-कर्मचारियों को मतदान अनिवार्य रूप से करने की शपथ दिलाई। इस मौके पर मौजूद युवा मतदाताओं ने भी शपथ ग्रहण की। इनमें से जो पहली बार वोटर बने हैं, उनमें भारी उत्साह नजर आया। उप जिलाधिकारी विजय प्रताप ने कहा कि मतदान करना हमारा प्रथम कर्तव्य है। इस अवसर पर तहसीलदार सुरजीत सिंह, जैन इंटर कालेज प्रधानाचार्य यदुवीर नारायण दुबे सहित राजस्व निरीक्षक अमर सिंह यादव, लेखपाल सदर अरविंद यादव, यतेन्द्र श्रीवास्तव, कौशलेन्द्र सिंह, चंद्रकेतु, सतीश चंद्र, अरविंद सिंह, नाजमा बेगम, शाहीन, राधाकिशन और भारी संख्या में युवा मतदाता उपस्थित थे।