फोटो 6 शहर से निकलने वाली ईशन नदी में बहता गंदा पानी। संवाद
मैनपुरी। शहर से गुजरने वाली ईशन नदी में गंदा पानी रोकने के साथ ही सफाई का कार्य किया जाएगा। नगर पालिका प्रशासन ने इसके लिए तैयारी शुरू कर दी है। अधिशासी अभियंता नगर पालिका ने सफाई इंस्पेक्टर नगर पालिका को इस संबंध में तैयारियों के निर्देश दिए हैं। शहर से गुजरने वाली ईशन नदी इस समय गंदगी से पटी हुई है। नदी का पानी गंदा हो चुका है। कुछ स्थानों पर नदी में नालों का पानी भी जा रहा है। अधिशासी अभियंता नगर पालिका बुद्धिप्रकाश ने सफाई इंस्पेक्टर शिशुपाल सिंह को निर्देश दिए हैं कि शहर के हिस्से में ईशन नदी में किसी भी नाले का गंदा पानी नहीं जाना चाहिए। इसके साथ ही सफाई इंस्पेक्टर से कहा गया है कि वे सफाई कर्मचारियों की टीम तैयार कर शहरी इलाके में नदी की सफाई कराएं। अधिशासी अभियंता नगर पालिका ने शहर के लोगों से भी अपील की है कि वे ईशन नदी में किसी प्रकार की गंदगी न फेंकें। उन्होंने बताया कि जल्द ही शहरी इलाके में ईशन साफ सुथरी नजर आएगी। ईशन के किनारे पौधे भी रोपे जाएंगे। इसके साथ ही ईशन का पानी जांच के लिए प्रदूषण नियंत्रण केंद्र फिरोजाबाद भेजा गया है।