बारिश के बाद बढ़ी संक्रामक बीमारियां
- फोटो : अमर उजाला
जिले में संक्रामक रोग पैर पसार रहे हैं। पिछले एक माह में जिला अस्पताल में डायरिया और बुखार से पीड़ित 403 रोगी भर्ती कराए। रविवार को बुखार और डायरिया से पीड़ित 26 रोगी भर्ती हुए। पेट दर्द से एक बालिका की मौत हो गई।
थाना कुरावली के ग्राम सुजानपुदर निवासी कंचन (07) के अचानक पेट में दर्द होने लगा। परिवारीजनों ने उसे रविवार को जिला अस्पताल में भर्ती कराया यहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। जिला अस्पताल में जुलाई माह में बुखार और डायरिया से पीड़ित 403 रोगी भर्ती कराए, इनमें से 99 को गंभीर में रेफर किया गया। वहीं बुखार और डायरिया से पीड़ित अब तक सात लोगों की जान जा चुकी है।
जलभराव से फैल रहे संक्रामक रोग
शहर के मोहल्ला राजीव गांधी नगर में जलभराव से लोग परेशान हैं। स्थानीय निवासी कल्लू, राजीव यादव, अंबुज, ब्रजेश शर्मा का कहना है कि मोहल्ले में जरा सी बारिश भी हो जाए तो जलभराव हो जाता है। इससे कभी भी संक्रामक रोग फैल सकते हैं। पालिका ने फॉगिंग भी नहीं कराई है।
संक्रामक रोगों से निपटने के जिला अस्पताल और सभी सीएचसी, पीएचसी में दवाएं उपलब्ध हैं। वहीं शीघ्र ही कंट्रोल रूप खुलवा दिया जाएगा। ताकि संक्रामक रोगों से निपटा जा सके।
- डा. के के शर्मा, सीएमओ