मैनपुरी। भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष मदन चौहान के हत्यारे शूटर नवनीत नेहरा की मौत पुलिस मुठभेड़ में नहीं बल्कि उसके साथी बदमाशों की गोली से हुई थी। यह खुलासा करहल न्यायालय में दाखिल आरोप पत्र में हुआ है।
एक जनवरी 2017 को करहल-मैनपुरी मार्ग पर मदन चौहान की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। पुलिस ने तब मुठभेड़ में एक शूटर नवनीत नेहरा को मार गिराने का दावा किया था। हालांकि, विवेचना के बाद न्यायालय में पेश आरोप पत्र में नया खुलासा हुआ। इसमें बताया गया कि नवनीत नेहरा को उसके साथी गौरव गोस्वामी, हरेंद्र उर्फ हनी और आकाश उर्फ रिंकू ने ही गोली मारी थी।
बदमाशों ने पुलिस मुठभेड़ से बचने और हत्या का भेद खुलने के डर से यह कदम उठाया था। बदमाशों ने स्वयं यह बात स्वीकार की है। मामले की सुनवाई स्पेशल जज डकैती के न्यायालय में चल रही है। मंगलवार को हत्यारोपित हनी और आकाश के बयान दर्ज किए गए। न्यायालय ने अगली सुनवाई के लिए 13 जुलाई की तारीख तय की है।