फाेटो 28 श्री चित्रगुप्त स्नातकोत्तर महाविद्यालय के गेट पर धरने पर बैठे शिक्षक। संवाद
मैनपुरी। श्री चित्रगुप्त स्नातकोत्तर महाविद्यालय के शिक्षकों और कर्मचारियों ने प्रोन्नत वेतनमान के लिए महाविद्यालय प्रबंधतंत्र और प्राचार्य के विरुद्ध मोर्चा खोल दिया है। महाविद्यालय शिक्षक संघ के बैनर तले शुक्रवार को महाविद्यालय के मुख्य गेट पर धरना दिया। इस दौरान उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द शिक्षकों और कर्मचारियों को प्रोन्नत वेतनमान नहीं दिया गया तो बड़ा आंदोलन होगा। महाविद्यालय शिक्षक संघ के सचिव संजय सिंह चौहान के नेतृत्व में शुक्रवार को महाविद्यालय के शिक्षक और कर्मचारी नगला जुला स्थित महाविद्यालय के मुख्य भवन के गेट पर धरने पर बैठ गए। सचिव का कहना है कि उत्तर प्रदेश शासन और उच्च शिक्षा निदेशालय प्रयागराज के आदेश के बाद भी तीन वर्ष पूर्व प्राप्त प्रोन्नत वेतनमान से महाविद्यालय के शिक्षक और कर्मचारियों को वंचित किया गया है। आरोप लगाया कि महाविद्यालय के प्राचार्य और प्रबंधक मनमाने तरीके से उनका प्रोन्नत वेतनमान नहीं दे रहे हैं। बार-बार पूछने पर प्राचार्य और प्रबंधक कोई सही जवाब नहीं दे रहे हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द शिक्षक और कर्मचारियों को प्राेन्नत वेतनमान नहीं दिया गया तो बड़ा आंदोलन होगा। इस संबंध में जब प्राचार्य डॉ. मनोज कुदेशिया से बात की गई तो उनका कहना था कि शिक्षकों के प्रोन्नत वेतनमान का मामला कोर्ट में विचाराधीन है। कोर्ट से कोई निर्णय नहीं आया है। कोर्ट के निर्णय का इंतजार किया जा रहा है।
धरने में डॉ. शिखा सक्सेना, डॉ. अमित पांडेय, डॉ. कुमार राजीव रंजन, डॉ. संजय सिंह चौहान, डॉ. नत्थू सिंह, डॉ. विनयानंद, डाॅ. समर सिंह, डॉ. नेहा, डॉ. रमेश गुप्ता, डाॅ. प्रमोद वशिष्ठ, डॉ. नरेंद्र यादव, डाॅ. शिवाजी सिंह आदि शामिल रहे।