टैंकर-डीसीएम में भिड़ंत, लाखों की दवाएं जलकर राख
- फोटो : अमर उजाला
थाना क्षेत्र के जोगा मोड़ पर मंगलवार सुबह डामर से भरे टैंकर की भिड़ंत के बाद डीसीएम में आग लग गई। उसमें लदी लाखों रुपये की दवाएं जलकर राख हो गईं। टक्कर मारने के बाद टैंकर भी अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में डीसीएम का चालक और परिचालक घायल हो गए। वहीं टेंकर का चालक व क्लीनर मौके से भाग गया। सूचना पर पहुंची दमकल ने आग को बुझाया। पुलिस ने घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया।
लखनऊ से दवाइयां, कृषि संबंधित दवाएं व छह चिलर लादकर नोएडा जिला अस्पताल जा रही डीसीएम संख्या डीएल 1 एलआर 6785 को थाना क्षेत्र के जोगा मोड़ के समीप सुबह करीब चार बजे सामने से आ रहे टेंकर ने टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि डीसीएम में आग लग गई। वहीं अनियंत्रित होकर टेंकर भी समीप ही नाले में जा गिरा। आग लगने के बाद घायल डीसीएम के चालक और परिचालक गाड़ी से उतर गए। वहीं इस दौरान टेंकर के चालक परिचालक वहां से भाग गए। चालक विक्रम निवासी गढ़मुक्तेश्वर ने फोन पर पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल चालक व परिचालक देवेंद्र को अस्पताल भेजा। दमकलकर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद डीसीएम में लगी आग को बुझाया। मगर तब तक उसमें लदी लाखों की दवा जलकर राख हो चुकी थी।