फोटो 50 आग लगने के बाद खुद का बचाव करने के लिए जमीन पर बैठे कर्मचारी। संवाद
- फोटो : katra news
मैनपुरी। पुलिस लाइन में शाम करीब छह बजे अचानक से तेज आवाज में सायरन बजने लगे। पुलिसकर्मी इधर-उधर भागने लगे। अचानक से एक धमाके की आवाज हुई और तमाम पुलिसकर्मी जमीन पर लेट गए। कुछ ही देर में एक जगह आग लग गई, जिसे बुझाने के लिए फायर ब्रिगेड की गाड़ी मौके पर पहुंची। घायलों को एंबुलेंस की मदद से तुरंत अस्पताल के लिए रवाना किया गया। पुलिस लाइन स्थित मैदान में शाम करीब 6 बजे नागरिक सुरक्षा की ब्लैकआउट मॉकड्रिल का आयोजन किया गया। पुलिस अधीक्षक गणेश प्रसाद शाहा ने बताया कि मॉकड्रिल संभावित आपदाओं या आपातकालीन स्थितियों जैसे आग, भूकंप पर सुरक्षा खतरे से निपटने की तैयारी को रखने के लिए किया जाता है। मैदान में लकड़ियों के ढेर में आग लगाई गई, इसके बाद एक धमाका हुआ। इससे पहले आपातकालीन सायरन की तेज आवाज चारों तरफ गूंजने लगी। आसपास की सभी लाइट को बंद कर दिया गया। कुछ ही देर में फायर ब्रिगेड व एंबुलेंस के वाहन मैदान पर पहुंच गए। आनन-फानन में फायर ब्रिगेड ने आग को बुझाया और एंबुलेंस में मौजूद स्वास्थ्य कर्मी घायलों को अस्पताल ले जाने लगे। इस दौरान तमाम पुलिस कर्मी धमाके की आवाज सुनते ही जमीन पर लेट गए। अपर जिलाधिकारी श्याम लता आनंद ने बताया कि नागरिक सुरक्षा के स्वयंसेवक एवं अग्निशमन, पुलिस विभाग, स्वास्थ्य विभाग, जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण सहयोग से ब्लैक आउट मॉकड्रिल का आयोजन किया गया। ब्लैकआउट मॉक ड्रिल के दौरान पुलिस अधीक्षक गणेश प्रसाद साहा, अपर पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार, अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण राहुल मिठास, डिप्टी कलेक्टर, उप नियंत्रक नागरिक सुरक्षा शिव नरेश सिंह आदि अधिकारी मौजूद रहे।
फोटो 50 आग लगने के बाद खुद का बचाव करने के लिए जमीन पर बैठे कर्मचारी। संवाद- फोटो : katra news