मैनपुरी। पंचायती राज विभाग ने जिले की 130 ग्राम पंचायतों में डिजिटल लाइब्रेरी स्थापित की हैं। इनका मुख्य उद्देश्य ग्रामीण विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में सहायता देना है। जिलाधिकारी के आदेश पर माध्यमिक शिक्षा परिषद के छात्रों को भी इन सुविधाओं से जोड़ा जा रहा है। जिला पंचायत राज अधिकारी राजेश चंद्र कुमार बघेल ने विकास खंड सुल्तानगंज की ग्राम पंचायत छाछा, अहिरवा, जलालपुर और मानिकपुर में डिजिटल लाइब्रेरी का शुक्रवार को निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि प्रत्येक डिजिटल लाइब्रेरी में फर्नीचर, पुस्तकें और इंटरनेट जैसी सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। प्रतियोगी और अन्य परीक्षाओं की तैयारी के लिए कुल 1078 पुस्तकें उपलब्ध कराई गई हैं। यह पहल ग्रामीण प्रतिभाओं को गुणवत्तापूर्ण शैक्षिक संसाधन उपलब्ध कराएगी। माध्यमिक शिक्षा परिषद के विद्यालयों में पढ़ने वाले छात्र भी इन पुस्तकालयों का लाभ उठा सकेंगे। विद्यार्थी अपनी निकटतम डिजिटल लाइब्रेरी में पंजीकरण कराकर अध्ययन की सुविधा प्राप्त कर सकते हैं।