मैनपुरी। श्री रामलीला कमेटी के तत्वावधान में आगरा रोड स्थित रामलीला मैदान में लीला का मंचन किया जा रहा है। मंगलवार देर शाम मंच पर कलाकारों ने लक्ष्मण शक्ति और सुलोचना सती की लीला का मंचन किया। हनुमान जी महाराज संजीवनी लेकर आए, जिसके बाद लक्ष्मण जी की मूर्छा टूटी। लीला में अंगद के लंका से लौटकर भगवान श्रीराम को जानकारी देने के बाद युद्ध शुरू होने का प्रसंग दिखाया गया। मेघनाद ने शक्ति का प्रहार कर लक्ष्मण को मूर्छित कर दिया। हनुमान वैद्य को लाए और उनके परामर्श पर संजीवनी बूटी लेकर आए, जिससे लक्ष्मण की मूर्छा दूर हुई। इसके बाद लक्ष्मण ने मेघनाद का वध कर दिया। पति की मृत्यु के बाद सुलोचना के सती होने के प्रसंग ने दर्शकों को भावुक कर दिया। इस दौरान ओम कुमार चौहान, मनोज चौहान, बाबा नरेंद्र सिंह राठौर, वंश तिवारी, उदय प्रताप, रवि श्रीवास्तव आदि मौजूद रहे।