मैनपुरी। जिले में परिषदीय, सहायता प्राप्त और संस्कृत विद्यालयों में खेलकूद एवं स्काउट-गाइड प्रतियोगिताएं 31 अक्तूबर तक आयोजित की जाएंगी। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी सूर्य प्रताप सिंह ने सभी खंड शिक्षा अधिकारियों और नगर शिक्षा अधिकारियों को निर्देश जारी किए हैं।
बीएसए ने बताया कि ये प्रतियोगिताएं विद्यालय स्तर से जनपद स्तर तक आयोजित की जानी हैं। शिक्षा निदेशक (बेसिक) उत्तर प्रदेश, लखनऊ के पत्रों के अनुपालन में यह निर्णय लिया गया है। विद्यालय स्तरीय प्रतियोगिताएं 10 अक्तूबर तक पूरी करनी होंगी। न्याय पंचायत स्तरीय प्रतियोगिताएं 20 अक्तूबर तक संपन्न होंगी। ब्लॉक स्तरीय प्रतियोगिताएं 31 अक्तूबर तक अनिवार्य रूप से आयोजित की जाएंगी। इन आयोजनों के बाद जनपद स्तरीय प्रतियोगिताएं नवंबर के पहले सप्ताह में होंगी।