बेवर(मैनपुरी)। थाना क्षेत्र में एनएच 34 पर बुधवार रात किसी वाहन की चपेट में आकर शटरिंग व्यवसायी की मौत हो गई। हादसे की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को मोर्चरी भिजवाया। हादसे में युवक की मौत के बाद घर में मातम छाया है।
कस्बा के गांव मझोला का रहने वाला 24 वर्षीय अंशु शटरिंग का व्यवसाय करता था। बुधवार रात को वह काम के बाद मजदूरों को उनके घर भेज कर गांव आ रहा था। रास्ते में नेशनल हाईवे 34 बाईपास पर गांव रसूलाबाद के सामने मार्ग से गुजर रहे किसी वाहन ने उसे चपेट में ले लिया। हादसे में अंशु गंभीर रूप से घायल हो गया।
इसके बाद घटनास्थल पर लोगों की भीड़ एकत्रित हो गई। सूचना मिलने के बाद पहुंची पुलिस ने घायल को सीएचसी में भर्ती कराया। वहां से जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। अस्पताल ले जाते समय रास्ते में अंशु ने दम तोड़ दिया। बृहस्पतिवार को पुलिस ने पोस्टमार्टम कराने के बाद शव अंतिम संस्कार के लिए परिजन के सुपुर्द कर दिया। हादसे में अंशु की मौत के बाद परिजन का रो-रोकर बुरा हाल है।
14 जून को तिलक और 18 जून को जानी थी बरात
सड़क हादसे में जान गवाने वाले अंशु की मौत से जहां माता पिता व अन्य परिजन का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं जनपद इटावा की रहने वाली एक युवती व परिजन भी दुखी है। परिजन ने बताया कि अंशु की शादी तय हो चुकी थी। जनपद इटावा की रहने वाली युवती से 18 जून को शादी होने वाली थी 14 जून को तिलक समारोह का आयोजन होना तय हुआ था। घर में शादी की तैयारियां चल रहीं थीं, दोनों परिवार के बीच खुशी का माहौल था। मगर, बुधवार रात को हुए सड़क हादसे के बाद दोनों घरों में मातमी सन्नाटा पसर गया है।