मैनपुरी। कस्बा भोगांव की रहने वाली एक युवती के साथ शादी का झांसा देकर यौन शोषण किया गया। जब वह गर्भवती हो गई तो युवक ने शादी करने से मना कर दिया। युवती का गर्भपात भी करा दिया। मामले में एसपी के आदेश पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
पीड़िता ने एसपी को दिए गए शिकायती पत्र में बताया कि उसके बड़े पापा के लड़के का रिश्ता आरिफ अली की बेटी के साथ तय हुआ था। जिस वजह से आरिफ के छोटे भाई अहमद अली का बेटा मोहम्मद अली उनके घर आने जाने लगा। मोहम्मद अली ने उसे प्रेम जाल में फंसा लिया और शादी का झांसा देकर यौन शोषण करने लगा। जब वह साढ़े तीन महीने की गर्भवती हो गई। तब इस बारे में उनके परिजन को जानकारी हुई।
परिजन ने जब मोहम्मद अली के घर जाकर शादी करने की बात कि तो शादी करने से मना कर दिया। उसका जबरदस्ती गर्भपात करा दिया गया। मोहम्मद अली का रिश्ता कहीं और तय कर दिया। विरोध करने पर उन्हें व परिजन को जान से मारने की धमकी दी गई। शिकायत पर एसपी के आदेश के बाद पुलिस ने मोहम्मद अली व अन्य के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।