मैनपुरी। घरेलू कलह के कारण पत्नी से नाराज होकर बृहस्पतिवार को सिंहपुर नहर में कूदे युवक का शुक्रवार को भी कोई सुराग नहीं लग सका। एसडीआरएफ एटा मोटर बोट से नहर में तलाश करती रही। भांवत पुल तक जाल लगाया गया है लेकिन कोई सफलता नहीं मिली।
थाना करहल क्षेत्र के गांव नगला मनु निवासी 22 वर्षीय नीरज कुमार बृहस्पतिवार को घरेलू कलह के चलते घर से गुस्से में निकल आया था। पिता और भाई उसे समझाने के लिए पीछे आ रहे थे। इस बीच नीरज ने थाना क्षेत्र स्थित सिंहपुर नहर में छलांग लगा दी। युवक के नहर में कूदने के बाद से ही पुलिस तलाश में जुटी है। एसडीआरएफ भी मोटर बोट से तलाश कर रही है। शुक्रवार शाम तक युवक के बारे में कोई जानकारी नहीं हो सकी थी। सीओ सिटी अशोक कुमार सिंह ने बताया कि तलाश के हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं।