मैनपुरी। जिले के डिग्री कॉलेजों के प्राचार्य छात्र-छात्राओं के छात्रवृत्ति आवेदन अग्रसारित करने में रुचि नहीं ले रहे हैं। इससे जिले के 163 कॉलेजों के 12717 छात्र-छात्राओंं के आवेदन अधर में हैं। शासन स्तर से नाराजगी के बाद मुख्य विकास अधिकारी संतोष बहादुर ने संबंधित कॉलेजों के प्राचार्यों को तलब किया है।
जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी राजेश कुमार बघेल ने बताया कि जिले के डिग्री कॉलेजों के प्राचार्य महाविद्यालयों में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं के छात्रवृत्ति आवेदन आगे बढ़ाने में रुचि नहीं ले रहे हैं। इस पर मुख्य विकास अधिकारी ने संबंधित कॉलेजों के प्राचार्यों को तलब किया है। निर्देश दिए हैं कि चार नवंबर को दोपहर एक बजे विकास भवन स्थित सभागार में उपस्थित हों। निर्देश दिए गए हैं कि वे अपने कॉलेज की छात्रवृत्ति की स्थिति का विवरण भी साथ लेकर आएं।
89 कॉलेजों ने नहीं फॉरवर्ड किया एक भी आवेदन
जिले के 89 कॉलेज ऐसे हैं जहां आठ हजार से अधिक छात्र-छात्राओं में से एक भी छात्र-छात्रा का आवेदन फॉरवर्ड नहीं किया गया है। विभागीय रिकॉर्ड के अनुसार जिले में दशमोत्तर छात्रवृत्ति के लिए 23348 छात्र-छात्राओं ने आवेदन किया है। इनमें से कॉलेजों ने 10390 छात्र-छात्राओं के आवेदन ही अग्रसारित किए हैं। 12717 छात्र-छात्राओं के आवेदन अग्रसारित नहीं किए गए हैं।