मोहल्ला दक्षिणी छपट्टी अंबेडकर पार्क स्थित सड़क बदहाल हो गई है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि रामवकील के घर से अंबेडकर पार्क के कोने तक सड़क क्षतिग्रस्त है। लोगों ने डीएम से सड़क बनवाने की मांग की है।
स्थानीय निवासियों का कहना है कि सड़क क्षतिग्रस्त होने से नीची हो गई है। वहीं बरसात में जलभराव हो जाता है। इसके चलते कई वाहन चालक गिरकर चोटिल भी हो चुके हैं। कई बार सड़क बनवाने की मांग की गई, लेकिन अभी तक सड़क नहीं बनी है। वहीं गड्ढे हो जाने से नाली का गंदा पानी सड़क पर भर जाता है। इससे स्थानीय निवासियोें को आने-जाने में परेशानी होती है।
लोगों का कहना है कि सात नवंबर 2014 को पालिका परिषद की बैठक में सड़क निर्माण का प्रस्ताव भी पारित हो चुका है। जिसकी एक कापी ज्ञापन के साथ संलग्न कर डीएम को भी दे चुके हैं। उसके बाद भी ठेकेदार द्वारा सड़क का निर्माण नहीं कराया जा रहा है।
स्थानीय लोगों ने जिलाधिकारी से उक्त मामले की जांच कर शीघ्र सड़क निर्माण कार्य शुरू कराने की मांग की है। ताकि राहत मिल सके। मांग करने वालों में दीपक, आकाश, सौरभ, कन्हैया, रवि, रिंकू, संतोष गुप्ता, प्रमोद कुमार, प्रमोद कुमार, नीरज, उमाकांत, गुड्डन, सुधाकर गुप्ता, रामगोपाल, अमित आदि शामिल हैं।