फोटो 27 जिलाधिकारी कार्यालय के बाहर मौजूद मलिक मील कॉलोनी के निवासी। संवाद
मैनपुरी। रेलवे स्टेशन के समीप स्थित मलिक मील कॉलोनी के 150 से अधिक परिवारों के आवागमन और आपातकालीन सुरक्षा के लिए बृहस्पतिवार को मोहल्ले के लोगों ने जिलाधिकारी डॉ. इंद्रमणि त्रिपाठी से मुलाकात की। लोगों ने प्रार्थनापत्र देकर रेलवे भूमि पर वर्तमान में इस्तेमाल हो रहे रास्ते को सुरक्षित रखने या वैकल्पिक स्थायी आपातकालीन मार्ग स्वीकृत कराने की मांग की।
शिकायतकर्ता राजपाल सिंह ने बताया कि मलिक मील कॉलोनी के लोग पिछले कई दशकों से रेलवे प्लेटफॉर्म के समानांतर करीब 200 मीटर लंबे और पांच मीटर चौड़े रास्ते का मुख्य मार्ग के रूप में इस्तेमाल कर रहे हैं। रेलवे की ओर से इस भूमि पर यार्ड अथवा अन्य निर्माण कार्य प्रस्तावित है। ऐसे में रास्ता बंद होने पर कॉलोनी के लोगों के सामने आवागमन की समस्या खड़ी हो सकती है। रास्ता बंद होने की स्थिति में आग लगने, दुर्घटना या गंभीर बीमारी जैसी आपात परिस्थितियों में एंबुलेंस और अग्निशमन वाहनों का कॉलोनी तक पहुंचना मुश्किल हो जाएगा। वर्तमान रास्ते और प्रस्तावित रेलवे निर्माण का संयुक्त स्थलीय निरीक्षण कराने की मांग की। इस दौरान ममता शर्मा, डौली कश्यप, सुषमा देवी, राहुल कश्यप, राहुल, रानी देवी शर्मा, रमा आदि मौजूद रहे।