मैनपुरी के किशनी थाना क्षेत्र के नगला पंचम (रामनगर) गांव में सोमवार रात सांड ने दो लोगों पर हमला कर दिया। इस हमले में एक वृद्ध की उपचार के दौरान मौत हो गई। जबकि दूसरा व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। सीएचसी से गंभीर हालत में उसे उपचार के लिए सैफई रैफर किया गया है।
सोमवार की शाम 4 बजे रामनगर के गांव नगला पंचम निवासी 75 वर्षीय किसान भगवानदास शाक्य खेत देखने के लिए गए थे। साथ में सैदपुर निवासी देशराज यादव पुत्र जय सिंह यादव भी थे। देशराज अपने बहनोई बबलू के घर लगभग 20 वर्षों से रह रहे हैं।
खेत से वापस आते समय सैदपुर और नगला पंचम में बीच में सांड ने दोनों पर हमला कर दिया। ग्रामीणों ने उनकी चीख-पुकार सुनकर सांड को भगाया। घायल भगवानदास और देशराज को बमुश्किल बचा पाया। परिजन भगवान दास को उपचार के लिए इटावा ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया। दूसरे को ग्रामीण सीएचसी लाए, जहां उनको गंभीरावस्था में सैफई रैफर कर दिया गया है।
मृतक किसान भगवान दास का परिजनों ने बिना पुलिस को सूचना दिए अंतिम संस्कार कर दिया। इस घटना के बाद ग्रामीणों में भय और आक्रोश व्याप्त है। ग्रामीणों के अनुसार यह सांड पिछले कई दिनों से गांव में घूम रहा था और लोगों पर हमला करने का प्रयास कर रहा था। सूचना देने के बाद प्रशासन द्वारा कोई कार्रवाई नहीं की गई थी। ग्रामीणों ने अब इस आवारा सांड को तुरंत पकड़ने की मांग की है। एसडीएम गोपाल शर्मा ने बताया कि खण्ड विकास अधिकारी नवनीत गौतम को आवारा गौवंश को पकड़वाकर गौशाला मे बांधकर रखने के आदेश दिए हैं। तहसीलदार घासीराम को मौके पर जाकर जांच कर आर्थिक सहायता दिलाये जाने की रिर्पोट तत्काल देने के निर्देश दिए हैं।