मैनपुरी। विकास खंड जागीर क्षेत्र के गांव गूजरपुर कोठी में आम रास्ते पर जलभराव की समस्या के विरोध में ग्रामीणों ने शुक्रवार को प्रदर्शन किया। ग्रामीण विनोद कुमार ने बताया कि मुख्य रास्ता गंदे पानी से लबालब है। कीचड़ के कारण लोगों का निकलना तक मुश्किल हो गया है। दिव्यांग ग्रामीणों को ट्राईसाइकिल से रास्ता पार करने में मशक्कत करनी पड़ती है। उन्होंने ग्राम विकास अधिकारी से कई बार शिकायत की लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। गंदे पानी से मच्छरों का प्रकोप बढ़ रहा है। इससे संक्रामक बीमारियां फैलने का खतरा बना हुआ है। ग्रामीण रामशंकर ने मुख्य विकास अधिकारी से जलभराव का स्थायी समाधान मांगा है। ग्राम विकास अधिकारी अमित कुमार ने बताया कि पंचायत निधि में पैसा न होने के कारण नाली निर्माण नहीं हो पा रहा है।