मैनपुरी। अब इंटर कालेजों की तर्ज पर परिषदीय स्कूलों में भी परीक्षा को सफल बनाने के लिए सचल दस्ते बनाए जाएंगे। यह सचल दस्ता परीक्षा के दौरान निगरानी करेगा। प्रश्नपत्र का शील्ड बंडल परीक्षा शुरू होने के एक घंटा पहले ही स्कूलों में पहुंचेगा। परिषदीय विद्यालयों में परीक्षाओं की चाक-चौबंद व्यवस्था के लिए बेसिक शिक्षा विभाग ने दिशा निर्देश जारी कर दिए हैं।
बता दें कि जिला स्तर पर प्रश्नपत्र जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान में रखे जाएंगे। परीक्षा के तीन दिन पहले ही खंड शिक्षा अधिकारियों को प्रश्नपत्रों के बंडल सौंपे जाएंगे। कुछ स्कूलों के बीच में एक स्कूल केंद्र बनाया जाएगा और दो दिन पहले ही प्रश्नपत्र पहुंचेंगे। इन बंडलों को एक घंटा पहले स्कूलों में पहुंचाना होगा। प्रश्नपत्र का बंडल प्रधानाध्यापक, विद्यालय प्रबंध समिति के दो सदस्य व एक अध्यापक के सामने खोला जाएगा। परीक्षा के समय प्रधानाध्यापक व एक सहायक अध्यापक उसी स्कूल का रहेगा। जरूरत पड़ने पर आसपास के स्कूलों के शिक्षकों की ड्यूटी लगाई जाएगी।
डीएम और बेसिक शिक्षा विभाग के अधिकारियों के अलावा अन्य विभागों के अधिकारियों के भी सचल दस्ते बनाए जाएंगे। ये दस्ता परीक्षा के दौरान परीक्षाओं की निगरानी करेगा। परीक्षा के दौरान विद्यालय प्रबंध समिति के सदस्य निरीक्षण कर सकेंगे। उल्लेखनीय है कि शिक्षा का अधिकार एक्ट आने के बाद स्कूलों में पहली बार विधिवत परीक्षा होगी।
इस व्यवस्था से काफी सुधार आएगा। साथ ही शिक्षक भी अपनी जिम्मेदारी समझेंगे। बच्चे पढ़ाई करेंगे। सचल दस्ते की निगरानी के चलते सभी स्कूलों के प्रधानाध्यापक परीक्षा कराएंगे। वह इस व्यवस्था से काफी खुश हैं।
-राजीव यादव, जिलाध्यक्ष, प्राथमिक शिक्षक संघ
विभाग से दिशा निर्देश मिल गए हैं। शासन के निर्देशानुसार ही परीक्षाएं कराई जाएंगी। इस संबंध में उन्होंने संबंधितों को दिशा निर्देश जारी कर दिए हैं। वहीं मौखिक रूप से सुनने में आया है कि परीक्षाएं 14 से 21 मार्च के बीच होनी है।
-हरिकेश यादव, बीएसए, मैनपुरी