विज्ञान प्रदर्शनी में कार्यक्रम
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
सुदिती ग्लोबल एकेडमी में चल रही विज्ञान प्रदर्शनी ‘विज्ञान के रंग एक संग’ में दूसरे दिन भी विभिन्न प्रतियोगिताओं एवं कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। छात्रों ने पौधरोपण कर प्रकृति को हरा-भरा रखने की शपथ ली। विज्ञान विशेषज्ञों ने कठपुतली दृश्य के माध्यम से साफ-सफाई एवं पौधरोपण के महत्व को समझाया।
विज्ञान प्रदर्शनी के दूसरे दिन ‘जनसंख्या वृद्धि से नुकसान’ एवं ‘जल ही जीवन है’ के संबंध में विज्ञान कार्टून प्रतियोगिता एवं विज्ञान नाटक प्रतियोगिता एवं विज्ञान क्विज हुई। इसमें जिले के विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया। वहीं विद्यार्थियों द्वारा विज्ञान से संबंधित अनेक प्रकार के क्रियान्वित मॉडल एवं प्रोजेक्ट ऐसा वातावरण निर्मित कर रहे थे मानों ये बाल वैज्ञानिकों का कोई अनुसंधान केंद्र हो। विद्यार्थियों को विज्ञान के प्रति जागरूक करते हुए विद्यालय के प्रबंध निदेशक डा. राम मोहन ने कहा कि प्रतियोगिताएं इस तरह की विधाएं हैं, जो विद्यार्थियों के मस्तिष्क में नवीनता उत्पन्न करती हैं और विज्ञान भी प्रायोगिक विषय है, जिसमें अनेक प्रकार की नई-नई प्रयोगात्मक विधियां हैं।
कार्यक्रम का संचालन विद्यालय की प्रशासनिक प्रधानाचार्य डा. कुसुम मोहन ने किया। विज्ञान प्रदर्शनी के इस अवसर पर ‘विज्ञान के रंग एक संग’ सार्थक समाज सेवा समिति के प्रमुख जिया खान, सचिव लव मोहन, उप प्रधानाचार्य जय शंकर तिवारी, कैंपस कोआर्डिनेटर अल्का दुबे, योगेश यादव, नासिर खान, हर्ष चेत, अनुभा सिंह, आरएस चौहान, हरिओम राठौर, पूनम मिश्रा, योगेश सिंह सहित मैनपुरी जनपद के विभिन्न विद्यालयों के प्रबंधक एवं प्रधानाचार्य मौजूद रहे।