मैनपुरी। शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक बिजली कटौती की समस्या कम होने का नाम नहीं ले रही है। फीडरों पर फॉल्ट, ट्रांसफार्मर में खराबी और ब्रेकडाउन के कारण उपभोक्ताओं को दिन में कई बार बिजली कटौती का सामना करना पड़ रहा है।
शहरी क्षेत्र के सिविल लाइन उपकेंद्र के मां शीतला और टाउन-1 फीडर पर अशोका कंपनी की ओर से मरम्मत कार्य कराया गया। इसके कारण संबंधित पोषित क्षेत्रों की बिजली आपूर्ति करीब तीन घंटे तक बंद रही।
मरम्मत कार्य पूरा होने के बाद आपूर्ति बहाल की गई। इसके बाद भी फॉल्ट के कारण कई इलाकों में बिजली आपूर्ति सुचारु नहीं रह सकी। टाउन-4 क्षेत्र में शाम करीब चार से 5:15 बजे तक आपूर्ति बाधित रही।
वहीं, पावर हाउस उपकेंद्र क्षेत्र के रेलवे फीडर और राधारमन रोड इलाके में भी फॉल्ट के कारण कुछ समय के लिए बिजली आपूर्ति बंद रही। आवास विकास कॉलोनी में ट्रांसफार्मर पर कार्य किए जाने के कारण करीब दो घंटे तक बिजली बंद रही। करहल रोड उपकेंद्र क्षेत्र के खरगजीत नगर में ट्रांसफार्मर पर बंदर चिपकने के कारण आपूर्ति करीब 8:30 से 9:30 बजे तक बंद रही। ज्योंती रोड उपकेंद्र के टाउन-2 और टाउन-3 फीडर पर ब्रेकडाउन होने से संबंधित क्षेत्रों की बिजली आपूर्ति प्रभावित रही।