मृतक डाककर्मी के परिजन से बातचीत करते डीएम और एसपी।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
शाखा डाकपाल निखिल वर्मा की मौत के बाद डाक अधीक्षक एसके शुक्ला और डाक पर्यवेक्षक श्याम तिवारी पर गंभीर आरोप लगाए गए थे। घटना के बाद दोनों के विरुद्ध थाना कोतवाली में प्राथमिकी दर्ज की गई है। दोनों कार्य स्थल से गायब हैं। मामले की जानकारी होने पर क्षेत्रीय कार्यालय से डाक अधीक्षक की जिम्मेदारी एटा के डाक अधीक्षक विजयवीर सिंह को दी गई है। विजयवीर सिंह ने डाक पर्यवेक्षक श्याम मुरारी तिवारी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। वहीं चार अन्य डाक पर्यवेक्षकों को भी डाक पर्यवेक्षक के पद से हटा दिया है।
शाखा डाकपाल मुड़ई निखिल वर्मा का शव उसके पैतृक गांव रामनगर में बृहस्पतिवार को फंदे पर लटका मिला था। निखिल वर्मा की जेब से मिले सुसाइड नोट में डाक अधीक्षक सुशील कुमार शुक्ला और डाक पर्यवेक्षक श्याम मुरारी तिवारी पर प्रताड़ना के आरोप लगाए गए थे। मामले में शुक्रवार को जिले भर के शाखा डाकपालों ने प्रदर्शन करते हुए जिलाधिकारी से मुलाकात कर कार्रवाई की मांग की थी। जिलाधिकारी ने मामले की रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को भेजी थी। इस पर डाक विभाग के क्षेत्रीय कार्यालय आगरा से आदेश जारी कर एटा के डाक अधीक्षक विजयवीर सिंह को मैनपुरी का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है।
विजयवीर सिंह ने शनिवार की दोपहर मैनपुरी पहुंचकर कार्यभार ग्रहण कर लिया। विजयवीर सिंह ने तत्काल प्रभाव से डाक पर्यवेक्षक श्याम मुरारी तिवारी को निलंबित कर दिया। वहीं इंस्पेक्टरों की रिपोर्ट के आधार पर भ्रष्टाचार के आरोप में डाक पर्यवेक्षक प्रवीण दुबे, जगपाल सिंह, विनोद पांडेय और अजय सिंह को भी डाक पर्यवेक्षक के पद से हटा दिया है।
डीएम-एसपी ने मृतक डाककर्मी के परिजन से की मुलाकात
थाना क्षेत्र के गांव रामनगर निवासी डाककर्मी की खुदकुशी के मामले में शनिवार को डीएम और एसपी ने मृतक के परिजन से मुलाकात की। उन्हें निष्पक्ष जांच व कार्रवाई का भरोसा दिलाया। घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ ही कुछ लोगों से पूछताछ की।
गांव रामनगर के रहने वाले शाखा डाकपाल 26 वर्षीय निखिल वर्मा ने बृहस्पतिवार को फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली थी। जेब से एक सुसाइड नोट मिला था जिसमें डाक अधीक्षक व पर्यवेक्षक पर प्रताड़ित करने का आरोप लगाते हुए खुदकुशी का जिम्मेदार बताया था। मामले में पुलिस ने डाक अधीक्षक व पर्यवेक्षक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली। दोनों की तलाश जारी है। वहीं गिरफ्तारी की मांग को लेकर परिजन व डाक विभाग के कर्मी लगातार प्रदर्शन कर रहे हैं।
शनिवार दोपहर डीएम डॉक्टर इंद्रमणि त्रिपाठी और एसपी गणेश प्रसाद साहा ने रामनगर पहुंच कर मृतक के परिजन से मुलाकात की। घटनास्थल का निरीक्षण कर अधिकारियों ने मौके पर सबसे पहले पहुंचने वाले तीन लोगों से भी पूछताछ की। अधिकारियों ने मृतक के पिता धर्मेंद्र सिंह व चाचा लखमीचंद्र को आश्वासन दिया कि मामले की निष्पक्ष जांच कर कार्रवाई की जाएगी। जल्द से जल्द अपराधी पकड़े जाएंगे।
इंस्पेक्टरों की रिपोर्ट के आधार पर डाक पर्यवेक्षक श्याम मुरारी तिवारी को निलंबित किया गया है। वहीं चार अन्य को भी उनके पद से हटा दिया गया है। जल्द ही नए डाक पर्यवेक्षकों की तैनाती की जाएगी। -विजयवीर सिंह, प्रभारी डाक अधीक्षक, मैनपुरी