मैनपुरी। कोतवाली क्षेत्र में बृहस्पतिवार रात मजदूरी करने के बाद गांव मोहनपुर लौट रहे पल्लेदार को पीछे से आ रहे किसी वाहन ने चपेट में ले लिया। हादसे में पल्लेदार की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया। गांव मोहनपुर के महावीर सिंह शाक्य (45) कोल्ड स्टोरेज में पल्लेदारी कर पत्नी व चार बच्चों का भरण पोषण कर रहे थे। बृहस्पतिवार को वह भोगांव-मैनपुरी मार्ग पर स्थित एक कोल्ड स्टोर में मजदूरी करने के लिए गए थे। रात करीब 9:30 बजे काम खत्म करने के बाद घर लौट रहे थे। तभी ललूपुर गांव के पास पीछे से आ रहे किसी वाहन ने उन्हें चपेट में ले लिया। हादसे में महावीर की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। टक्कर मारने के बाद चालक वाहन लेकर मौके से भाग निकला। पुलिस को सूचना दी गई। पुलिसकर्मियों ने पल्लेदार का शव मोर्चरी में रखवाया। शुक्रवार को पोस्टमार्टम कराने के बाद शव अंतिम संस्कार के लिए परिजन के सुपुर्द कर दिया गया।