कछुओं को तस्कर चीन भेजने की फिराक में थे। लेकिन इससे पहले ही वह पकड़ में आ गए। कछुओं को राष्ट्रीय चंबल सेंक्चुरी प्रोजेक्ट उत्तर प्रदेश आगरा के अंतर्गत सूर सरोवर पक्षी विहार स्थित कीठम झील में छोड़ा गया है।
मैनपुरी में वन विभाग, एसटीएफ और वाइल्डलाइफ क्राइम कंट्रोल ब्यूरो ने संयुक्त आपरेशन चलाया। टीम ने एक टाटा सफारी को रोककर जांच की तो उसमें 390 सुंदरी प्रजाति के कछुए बरामद हुए। दो लोगों को टाटा सफारी कार सहित गिरफ्तार कर जेल भेजा है। बताया जा रहा है कि इन कछुओं को चीन भेजा जाना था। वहां इन्हें मारकर शक्तिवर्धक दवाएं बनाई जाती हैं।
विज्ञापन
26 जनवरी को सुबह चार बजे मुखबिर से प्राप्त सूचना के आधार पर वन विभाग मैनपुरी, एसटीएफ और वाइल्डलाइफ क्राइम कंट्रोल ब्यूरो की टीम ने संयुक्त आपरेशन चलाया। जैन इंटर कॉलेज करहल के पास इटावा-मैनपुरी मार्ग पर चेकिंग के दौरान एक टाटा सफारी कार को रोकने का प्रयास किया, तो कार चालक तेज रफ्तार से कार को भगाने लगा, टीम द्वारा घेराबंदी कर कार को रोका गया।
कार से एक तस्कर अंधेरे का लाभ उठाकर भागने में सफल रहा। मौके पर कार से भागने का प्रयास कर रहे दो तस्करों को पकड़ लिया गया। कार की तलाशी लेने पर 11 जूट के बोरों में कछुए भरे पाए गए। गिनती करने पर कछुओं की संख्या 390 पाई गई, पकड़े गए कछुए सुंदरी प्रजाति के हैं।
क्षेत्रीय वन अधिकारी करहल शोएब आलम अंसारी के अनुसार पकड़े गए दोनों तस्करों से पूछताछ की गई तो उन्होंने अपने नाम सलीम पुत्र जमील अहमद निवासी रूद्रपुर खेड़ा, जिला ऊधम सिंह नगर (उत्तराखंड) और उत्तमदास पुत्र दीपकदास निवासी रूद्रपुर ट्रांजिट कैंप जिला ऊधम सिंह नगर (उत्तराखंड) बताए।
तस्करों ने बताया कि कछुओं को तस्करी करके ऊधम सिंह नगर (उत्तराखंड) ले जा रहे थे। दोनों के विरुद्ध वन विभाग करहल रेंज द्वारा भारतीय वन अधिनियम की विभिन्न धाराओं में मामला पंजीकृत किया गया है। आरोपियों को जेल भेजा गया है।
कीठम झील आगरा में छुड़वाए कछुए
390 जीवित कछुओं को अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम के आदेश एवं अपर प्रधान मुख्य वन संरक्षक वन्यजीव अनुराधा बेमुरी की अनुमति के बाद स्वास्थ्य परीक्षण कराया गया। इसके बाद राष्ट्रीय चंबल सेंक्चुरी प्रोजेक्ट उत्तर प्रदेश आगरा के अंतर्गत सूर सरोवर पक्षी विहार आगरा स्थित कीठम झील में सोमवार को छुड़वाया गया है।
टीम में ये लोग रहे शामिल
क्षेत्रीय वन अधिकारी करहल शोएब आलम अंसारी, क्षेत्रीय वन अधिकारी मैनपुरी विवेकानंद दुबे, वन दरोगा शिवम पाठक, प्रदीप यादव, वन रक्षक वहोरन सिंह, एसटीएफ की टीम में उप निरीक्षक विनोद कुमार, हेड कांस्टेबल पुष्पेंद्र सिंह, धीरेंद्र सिंह, आशीष राजपूत, सर्वेश भदौरिया, शिव कुमार प्रमुख रूप से कार्रवाई में शामिल रहे।
प्रभागीय निदेशक संजय कुमार मल्ल ने बताया कि जनपद में वन विभाग द्वारा नियमित गश्त एवं निगरानी करते हुए वन्य जीव अपराध पर पूर्ण नियंत्रण रखा जाएगा। वन्य जीव अपराध, तस्करी करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।