अतिक्रमणकारियों पर बसाईं लाठिय्रां
- फोटो : अमर उजाला
किशनी चौराहे पर अतिक्रमण हटाने पहुंचे प्रशासनिक अधिकारियों ने हथठेला वालों, खोमचे वालों व छोटे दुकानदारों पर जमकर लाठियां बरसाईं। इस दौरान कई ठेल पलट दीं, जिससे उन पर रखा सामान सड़क पर बिखर गया। लाठीचार्ज होने से भगदड़ मच गई। कई हथठेला संचालक व राहगीर चोटिल हो गए।
किशनी चौराहे ही नहीं नगर के मुख्य चौराहों पर हथठेला संचालक फल आदि सामान बेचते हैं, जिसके चलते यहां जाम की स्थिति बनी रहती है। शुक्रवार को एसडीएम रामचंद्र यादव और सीओ पुलिस बल के साथ किशनी चौराहे पर पहुंचे और उन्होंने अधीनस्थों को चौराहा साफ कराने के आदेश दिए। बस फिर क्या था, काफिले में मौजूद पुलिसकर्मियों ने लाठियां फटकार कर चौराहा और उसके आसपास खड़े हथठेले वाले, खोमचे वाले व अतिक्रमणकारी दुकानदारों पर लाठियां बरसानी शुरू कर दीं। इस दौरान पुलिसकर्मियों ने कई ठेले और अस्थाई दुकानें पलट दीं, जिससे उन पर रखा सामान सड़क पर फैल गया। साथ ही कई लोग घायल हो गए। दूसरी और लाठीचार्ज के चलते चौराहे पर भगदड़ मच गई। अधिकारियों ने चेतावनी दी कि अतिक्रमणकारियों को बख्शा नहीं जाएगा। इसी तरह फिर से अभियान चलाया जाएगा।