मैनपुरी के करहल में दंपती से लूट के मामले में हिरासत में लिए गए गांव पड़री के रहने वाले तीन भाइयों को निर्दोष बताते हुए परिजन व ग्रामीणों ने बुधवार रात कुर्रा थाने पहुंचकर जमकर हंगामा किया। इस दौरान प्रभारी निरीक्षक महिलाओं के सामने हाथ जोड़कर भागते नजर आए। परिवार की महिलाओं ने आरोप लगाया कि युवकों को छोड़ने के नाम पर 50 हजार रुपये, मुर्गा और शराब की दावत मांगी गई। एसपी ग्रामीण ने मामले की जांच सीओ करहल को सौंपी है।
थाना कुर्रा क्षेत्र के गांव पड़री निवासी रोशनी बुधवार रात को स्थानीय नेता, व ग्रामीणों के साथ थाने पहुंचीं। वहां अपने भाइयों कि गिरफ्तारी को गलत बताते हुए जमकर हंगामा किया। ग्रामीणों की संख्या अधिक देखकर पुलिसकर्मी भी सहम गए। रोशनी ने आरोप लगाया कि छह अक्तूबर की रात उनके भाई धर्मेंद्र को पुलिस पकड़कर थाने ले आई। जब वह थाने पहुंचीं तो उनसे थानेदार ने 20 हजार रुपये ले लिए। मुर्गा और शराब की दावत मांगी। कहा कि भाई को छुड़ाना है तो मुझसे मिलो, नहीं तो तुझे और भाई को झूठे मुकदमे में फंसा देंगे। आरोप है कि रुपये लेने के बाद भी भाई का शांतिभंग में चालान कर दिया। एसडीएम कोर्ट से जमानत मिल गई।