फोटो 17 मलिकपुर गोशाला के अंदर जमा ग्रामीण। संवाद
मैनपुरी। जागीर ब्लॉक के मलिकपुर स्थित गोशाला में रविवार को अव्यवस्थाओं को लेकर ग्रामीणों ने प्रदर्शन किया। ग्रामीणों का आरोप है कि गोशाला में बीमार और असहाय गोवंश की उचित देखभाल नहीं हो रही है। एक गंभीर रूप से बीमार गोवंश को कौवों द्वारा नोचे जाने से लापरवाही उजागर हुई है।
ग्रामीणों का कहना है कि गोशाला में एक गोवंश काफी समय से गंभीर हालत में पड़ा हुआ था। उसके उपचार के लिए कोई प्रभावी कदम नहीं उठाया गया। स्थिति इतनी दयनीय हो गई कि कौवे उसे नोचते रहे और जिम्मेदार चुप बने रहे।
जानकारी मिलते ही ग्रामीण गोशाला पहुंच गए। विरोध जताते हुए कार्रवाई करने की मांग की। सचिव और पशु चिकित्सा विभाग के कर्मचारियों पर लापरवाही बरतने का आरोप लगाया।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि दिन के समय भी गोशाला में कर्मचारियों की उपस्थिति नहीं रहती। गोवंश की निगरानी और देखभाल प्रभावित होती है। भीषण गर्मी के बावजूद पशुओं के लिए पर्याप्त छाया, स्वच्छ पानी और हरे चारे की व्यवस्था नहीं है। गोशाला की समस्याओं की शिकायतों पर कार्रवाई नहीं होती है। गर्मी के मौसम में भी गोवंश खुले में रहने को मजबूर हैं।
ग्रामीणों ने लापरवाही बरतने वाले कर्मचारियों और अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई किए जाने की भी मांग की। ब्रजेश कुमार, संजय यादव, प्रबल कुमार, अजय कुमार, राकेश यादव, मनोज यादव, रामरतन यादव, फेरु सिंह, सियाराम यादव मौजूद रहे।