पंचायत अधिकारी संघ ने किया प्रदर्शन
- फोटो : अमर उजाला
उप्र ग्राम पंचायत अधिकारी संघ ने सोमवार को तिकोनिया पार्क में प्रदर्शन कर धरना दिया। डीएम को ज्ञापन देकर डीपीआरओ पर अभद्रता और उत्पीड़न करने का आरोप लगाया। मांग की डीपीआरओ के रिक्त चल रहे पद पर किसी राजपत्रित अधिकारी को कार्यभार दिया जाए।
ग्राम पंचायत अधिकारी संघ के सदस्य सोमवार को तिकोनिया पार्क में एकत्रित हुए और धरना दिया। संघ के अध्यक्ष सुनील कुमार जौहरी ने कहा डीपीआरओ का चार्ज एडीओ पंचायत नरेशचंद्र के पास है। उनको प्रशासनिक कार्य के लिए आदेश पारित करने का अधिकार नहीं है। उन्होंने ग्रामीण सफाईकर्मियों के लोन की फाइलें अग्रसारित कर दी हैं। जबकि उनके पास वित्तीय अधिकार नहीं हैं। महामंत्री प्रेमचंद्र बाथम ने कहा नियम विरुद्ध तरीके से ग्राम पंचायत अधिकारी और सफाई कर्मचारियों के स्थानांतरण, निलंबन, बहाली, मृतक आश्रित की नौकरी जैसे काम भी कर रहे हैं। सफाईकर्मियों का स्थायीकरण भी कर दिया है।
आए दिन कर्मचारियों के साथ अभद्रता और उत्पीड़न किया जाता है। धरने के बाद संघ ने डीएम को ज्ञापन दिया। ज्ञापन में कहा है कि डीपीआरओ का कार्यभार किसी राजपत्रित अधिकारी को ही दिया जाए। अन्यथा संघ के सदस्य अनिश्चितकालीन हड़ताल करने को मजबूर होंगे। इस मौके पर ओमप्रकाश तिवारी, आनंद नरायन त्रिपाठी, राजेश कुमार, रामसनेही, अनिल यादव, अरुण पाल, शैलेंद्र कुमार, रामदीन यादव, हुुकुमसिंह, प्रभा अवस्थी आदि मौजूद थे।