अब अधिकारियों के खिलाफ खोला मोर्चा
- फोटो : अमर उजाला
कुरावली रोड स्थित स्कूल में हुई मारपीट के बाद जिला अभिभावक एसोसिएशन के पदाधिकारी कलक्ट्रेट में धरने पर बैठ गए। उनका आरोप है कि एएसपी और सीओ सिटी स्कूल संचालक के साथ मिले हुए हैं। इसलिए स्कूल संचालक की गिरफ्तारी के साथ ही उनके खिलाफ भी कार्रवाई हो।
उल्लेखनीय है कि कुरावली रोड स्थित किरन सौजिया सीनियर सेकेंडरी स्कूल में शनिवार को जिला अभिभावक एसोसिएशन के पदाधिकारियों और स्कूल के कर्मचारियों के बीच जमकर मारपीट हुई थी। इसके बाद स्कूल संचालक के खिलाफ दो रिपोर्ट दर्ज हुईं थी। रविवार को जिला अभिभावक एसोसिएशन के पदाधिकारी कलक्ट्रेट स्थित तिकोनिया पार्क में धरने पर बैठ गए। उनका आरोप है कि एएसपी और सीओ सिटी घटना के बाद से स्कूल संचालक का पक्ष ले रहे हैं। उन्होंने कहा कि स्कूल संचालक के गिरफ्तार होने और उक्त अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई होने तक वे अनिश्चितकालीन धरने पर बैठेंगे। सोमवार से धरना घंटाघर चौराहा स्थित शहीद पार्क में होगा।
धरने पर सुभाष मिश्र, केके मिश्रा, विनय चौहान, दीपक चौहान, शीलेंद्र, कमल शर्मा, महेश मिश्रा आदि मौजूद थे।
आरोपी के बच्चे नहीं पढ़ते स्कूल में
स्कूल संचालक अशोक यादव का कहना है कि उन पर मारपीट का आरोप लगाने वाले अजय शुक्ला का बेटा उनके स्कूल में नहीं पढ़ता है। इसके बाद भी वह स्कूल क्यों आए। हालांकि अजय शुक्ला शुरू से कह रहे हैं कि उनका बच्चा किरन सौजिया स्कूल में कक्षा सात का छात्र है। स्कूल संचालक का कहना है कि अजय शुक्ला के बच्चे एक साल पूर्व उनके यहां पढ़ते थे। उसके बाद अजय शुक्ला ने उन्हें स्कूल से निकाल लिया था।