मैनपुरी। जिले में स्थानीय निकाय प्राधिकारी के एमएलसी चुनाव के लिए तैयार मतदाता सूची पर एक भी आपत्ति शनिवार को नहीं आई। बता दें कि शनिवार आपत्ति देने के लिए अंतिम दिन था। यह और बात है कि अधिकांश बीडीसी को इसकी जानकारी ही नहीं थी। वहीं दिन में जारी किए गए संदेश के बाद मात्र दो घंटे का समय ही आपत्ति दाखिल करने के लिए मिला। इसे लेकर बीडीसी सदस्यों में रोष दिखा। वहीं कुछ बीडीसी सदस्य हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाने का मन बना रहे हैं।
स्थानीय निकाय प्राधिकारी के एमएलसी चुनाव की घोषणा होनी है। शनिवार को मतदाता सूची पर आपत्ति दाखिल करने का अंतिम दिन था। नोडल अधिकारी सूर्यमणि लाल चंद्र ने बताया कि देर शाम तक एक भी आपत्ति किसी भी बीडीसी सदस्य ने दाखिल नहीं की। यह और बात है कि आपत्ति दाखिल करने की अंतिम तिथि की जानकारी अधिकांश बीडीसी सदस्यों को थी ही नहीं। जागीर ब्लाक के बीडीसी सदस्य अजय कुमार और महेंद्र सिंह का कहना है कि उन्हें इसकी जानकारी किसी भी अधिकारी ने नहीं दी कि शनिवार को आपत्ति दर्ज करने की अंतिम तारीख है। महेंद्र तो इसके लिए हाईकोर्ट जाने का मन बना रहे हैं। वहीं किशनी ब्लाक के बीडीसी सदस्य दीपक कुमार का भी यही कहना है कि उन्हें आपत्ति दर्ज कराने के संबंध में कोई सूचना किसी ने भी नहीं दी। किशनी के उमेश शर्मा कहते हैं कि उन्हें इसकी जानकारी थी, लेकिन उन्होंने कोई आपत्ति दर्ज नहीं कराई। भोगांव की बीडीसी सदस्य नीतू सिंह और बेला देवी का कहना है कि उन्हें इस संबंध में कोई भी जानकारी नहीं दी गई। वहीं शनिवार को दोपहर में कंट्रोल रूम से आपत्ति दाखिल करने के लिए वायरलेस पर मेसेज दिया गया। इसके बाद मात्र दो घंटे ही बीडीसी सदस्यों को आपत्ति दर्ज कराने के लिए मिले।