किशनी। जनगणना 2027 के प्रथम चरण के कार्य के लिए निर्धारित किट प्राप्त न करने वाले प्रगणकों को एसडीएम ने कारण बताओ नोटिस जारी किया है। प्रशासन ने इस लापरवाही को गंभीरता से लिया है और कहा है कि आगे से काेई भी ऐसी लापरवाही करेगा तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
जनगणना 2027 में प्रगणकों को क्षेत्र में जाने से पहले ही जनगणना किट दी गई थी। इनका वितरण तहसील और नगर पंचायत से किया गया था, लेकिन किशनी क्षेत्र के 6 प्रगणकों ने अभी तक किट को प्राप्त नहीं किया है। ऐसे में एसडीएम ने स्पष्ट किया कि जनगणना के कार्य में किसी भी प्रकार की देरी या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। प्रशासन ने इस कृत्य को गंभीर लापरवाही मानते हुए 6 प्रगणकों को कारण बताओ नोटिस जारी किया है।
प्रगणकों से निर्धारित समय में स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। संतोषजनक जवाब न मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की चेतावनी भी दी है। इस कार्रवाई के बाद कर्मचारियों में हड़कंप मचा हुआ है। प्रशासन ने बताया कि जनगणना कार्य शासन की प्राथमिकता में है। इसे समयबद्ध और सुचारु रूप से पूरा कराया जाएगा।
इनको मिला नोटिस
जिन प्रगणकों को यह नोटिस जारी किया गया है उनमें गिरजेश कुमार, अरुण प्रकाश, योगेंद्र सिंह, विशाल सिंह, पंकज कुमार और रोहित शामिल हैं। इन सभी से जवाब तलब किया गया है।