दन्नाहार। थाना क्षेत्र के गांव रठेरा में तेरहवीं संस्कार के बाद खर्च रुपयों के हिसाब-किताब के लिए भाइयों में मारपीट हो गई। छोटे भाई की पुत्री किरण भी घायल हो गई। पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ प्राथमिक दर्ज की है। थाना क्षेत्र के गांव रठेरा में 28 सितंबर को सोनेलाल का तेरहवीं संस्कार था। रिश्तेदारों के विदा होने के बाद भाई विक्रम व चरण सिंह में एक अक्तूबर की रात करीब 8 बजे तेरहवीं के खर्च को लेकर बातचीत हो रही थी। उसी समय बात बिगड़ गई। किरण के भाई मोहित व पिता चरण सिंह के साथ परिवार के ताऊ विक्रम, पिंटू, सिंटू व पिंटू का साला मारपीट करने लगे। आवाज सुनकर चरण की पुत्री किरण व पत्नी नेकसी बचाने पहुंची तो उन्हें भी पीटा। इससे दोनों घायल हो गईं। सीओ सिटी अशोक कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।