स्थायीकरण की मांग पर डटे स्वास्थ्य विभाग में संविदा पर तैनात चिकित्सक और कर्मचारी तीसरे दिन भी हड़ताल पर रहे। कर्मचारियों का कहना था कि सरकार उनकी सेवा को देखते हुए उन्हें स्थायी नियुक्ति दे। कई बार मांग के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं हो रही है। देर शाम प्रांतीय नेतृत्व के सरकार द्वारा मांगें मानने की जानकारी देने पर धरना-प्रदर्शन समाप्त कर दिया गया।
बुधवार को राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन कर्मचारी संगठन उत्तर प्रदेश के प्रांतीय आह्वान पर तीसरे दिन भी सीएमओ कार्यालय, जिला अस्पताल, सीएचसी और पीएचसी पर चिकित्सकों तथा कर्मचारियों ने उपस्थित पंजिका में हस्ताक्षर कर मांगें पूरी करने के लिए धरना दिया। संघ के अध्यक्ष डाक्टर एसपी सिंह ने कहा कि कर्मचारियों ने लखनऊ में 13 मार्च को शांतिपूर्ण प्रदर्शन किया। पुलिस ने उनके साथ दुर्व्यवहार किया। मंत्री अंबरीश यादव ने कहा कि 14 मार्च से 16 मार्च तक प्रांतीय नेतृत्व के आह्वान पर धरना-प्रदर्शन किया जा रहा है। आगे जो भी रणनीति की जानकारी प्रांतीय नेतृत्व से मिलेगी उस पर कार्रवाई की जाएगी।
शाम को चिकित्सक और कर्मचारी सीएमओ कार्यालय पर एकजुट हुए। वहां मंत्री अंबरीश यादव ने कहा कि प्रांतीय नेतृत्व ने उन्हें जानकारी दी है, जिसमें सरकार द्वारा मांगों को मान लिया गया है। इस पर चिकित्सकों और कर्मचारियों ने धरना-प्रदर्शन समाप्त कर दिया। इस मौके अरविंद नैयर, अंबरीश यादव, पंकज शर्मा, आशु यादव सहित बड़ी संख्या में संविदा स्वास्थ्य कर्मी मौजूद थे।