मैनपुरी। ऑनलाइन फोन की बुकिंग करना राजा का बाग निवासी युवक को महंगा पड़ गया। खाते से 16 हजार रुपये कट गए। ठगी की जानकारी के बाद पीड़ित ने साइबर थाने में प्रार्थनापत्र देकर कार्रवाई की मांग की है।
पीड़ित अभिषेक राठौर ने बताया कि वह एक मोबाइल खरीद रहे थे। 15 दिसंबर को उन्होंने मोबाइल खरीदने के लिए एक बेवसाइट पर बुकिंग कराई। खाते से धनराशि कट गई मगर मोबाइल की बुकिंग नहीं हुई। बाद में पता चला कि बेवसाइट फर्जी थी। उन्होंने तुरंत ही साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराई। बैंक को भी धोखाधड़ी की जानकारी दी। मंगलवार को पीड़ित ने साइबर थाने में प्रार्थना पत्र देकर खाते से ठगी कर निकाली गई धनराशि वापस कराने के संबंध में प्रार्थना पत्र दिया है। शिकायत पर साइबर सेल की टीम ने जांच शुरू कर दी है।