मैनपुरी। पशुओं में होने वाली संक्रामक बीमारियों के टीकाकरण का अभियान को करीब एक माह का समय बीत चुका है। अभी तक करीब 3.67 लाख पशुओं को टीके लगाए जा चुके हैं। 10 मार्च तक करीब 5.41 लाख पशुओं के टीकाकरण का लक्ष्य पूरा करना है। अभी भी करीब 1़ 74 लाख पशु टीकाकरण से शेष बचे हैं।राष्ट्रीय पशु रोग नियंत्रण कार्यक्रम के तहत जनपद शत प्रतिशत मवेशियों (गाय, भैंस, भेड़, बकरी और सुअर) का खुरपका-मुंहपका रोग के खिलाफ टीकाकरण करने का लक्ष्य दिया गया है। 22 जनवरी से अभियान की शुरुआत की जा चुकी है, पशुपालन विभाग की टीमें गांव-गांव जाकर पालतू व छुट्टा घूम रहे पशुओं के टीकाकरण के कार्य में लगी हुई हैं। मुख्य पशु चिकित्साधिकारी सोमदत्त सिंह ने बताया कि पशु चिकित्सकों की टीमें गांव-गांव जाकर पशुपालकों को टीकाकरण का महत्व समझाने के साथ ही टीके लगा रही हैं। 24 फरवरी तक 3.67 लाख से अधिक पशुओं को टीके लगाए जा चुके हैं। निरंतर कार्य जारी है, अधीनस्थ पशु चिकित्सकों के साथ बैठक कर टीकाकरण के संबंध में निर्देश दिए हैं। अभियान के तहत खुरपका मुंहपका व संक्रामक बीमारियों से संबंधित टीके पशुओं को लगाए जाते हैं। 10 मार्च तक टीकाकरण के लक्ष्य को पूरा करने का प्रयास जारी है।