फोटो11 पुलिस की गिरफ्त में 25 हजार का इनामी गैंगस्टर। संवाद
मैनपुरी। थाना बिछवां पुलिस ने मंगलवार रात को एक सूचना पर तिसौली मोड़ के पास दबिश देकर फरार चल रहे 25 हजार के इनामी गैंगस्टर को गिरफ्तार कर लिया। हाथरस के रहने वाले गैंगस्टर को पुलिस ने बुधवार को न्यायालय में पेश किया, वहां से जेल भेजा गया है।थानाध्यक्ष ने बताया कि हाथरस के थाना सासनी क्षेत्र में टीचर कालोनी निवासी मोहित उर्फ मोनू पर अलीगढ़, हाथरस और जनपद के थाना बिछवां में पांच से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं। अलीगढ़ के मडराक थाना और बिछवां थाना पुलिस उसके खिलाफ गैंगस्टर की कार्रवाई कर चुकी है। पुलिस अधीक्षक की ओर से उसकी गिरफ्तारी पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। मंगलवार रात को सूचना मिली कि गैंगस्टर तिसौली गांव के पास देखा गया है, इस सूचना पर टीम के साथ बताए गए स्थान पर दबिश दी गई। तिसौली मोड़ से मोहित को गिरफ्तार कर थाने लाया गया। पूछताछ करने के बाद बुधवार को उसे न्यायालय में पेश किया गया, वहां से पुलिस अभिरक्षा में जेल भेजा गया है।