बेवर। गांव अहिंकारीपुर में दो पत्नियों के बीच फंसे युवक को हवालात की हवा खानी पड़ गई। महिलाओं के बीच झगड़े की सूचना पर पहुंची पुलिस को जब पता चला कि दोनों एक ही व्यक्ति की पत्नी हैं, तो पुलिस ने युवक को हिरासत में लिया था। युवक का शांतिभंग में चालान किया गया है।थाना क्षेत्र के गांव अहिंकारीपुर में रविवार सुबह महिलाओं के बीच विवाद हो गया। झगड़े की सूचना पर यूपी 112 के पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे। झगड़ रही महिलाओं से पूछताछ की गई तो एक महिला उजाला ने बताया कि वह शैलेश उर्फ शीलू की पत्नी है, दूसरी महिला ने अपना नाम सोनम और पति का नाम शैलेश बताया। दो महिलाएं और एक पति पति की बात सामने आने के बाद पुलिसकर्मी भी चक्कर में पड़ गए। पूछताछ में शैलेश ने बताया कि पांच साल पहले सुल्तानपुर की रहने वाली उजाला से उसकी शादी हुई थी, शादी के कुछ समय बाद ही वह झगड़ा कर मायके चली गई। जब काफी समय तक वापस नहीं आई तो एक साल पहले उसने बिहार की रहने वाली सोनम से शादी कर ली। पुलिस शैलेश उर्फ शीलू को पकड़ कर थाने ले गई। वहां युवक का शांतिभंग में चालान किया गया। एक पति और दो पत्नियों का मामला ग्रामीणों में चर्चा का विषय बना है।