फोटो24 नगला दौलत में चोरी की घटना के बाद बिखरा पड़ा सामान। संवाद
कुरावली। गांव नगला दौलत में रहने वाले लैब टेक्निशियन के मकान में चोरों ने दिनदहाड़े चोरी की वारदात अंजाम दी। चोर करीब तीन लाख रुपये से अधिक के जेवर और नकदी चोरी कर ले गए। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर जानकारी जुटाई, तहरीर पर जांच शुरू कर दी है।
थाना क्षेत्र के गांव नगला दौलत निवासी ब्रज किशोर वर्तमान में जनपद फिरोजाबाद स्थित एसएन हॉस्पिटल में लैब टेक्नीशियन के पद पर कार्यरत हैं। माता-पिता गांव स्थित मकान में रह रहे हैं। 9 फरवरी की दोपहर को जब माता पिता खेत पर गए थे। तभी चोरों ने मकान में लगा ताला तोड़ कर चोरी की वारदात अंजाम दी। करीब 10 हजार रुपये की नकदी सहित तीन लाख से अधिक के जेवर आदि चोरी कर ले गए। तहरीर मिलने के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंच कर जांच की। पीड़ित परिजन ने चोरी की घटना का शीघ्र खुलासा करते हुए चोरी गए जेवर नकदी वापस दिलाने की मांग की है।