फोटो 43 जिला उपाध्यक्ष के आवास पर बैठक करते प्राथमिक शिक्षक संघ के पदाधिकारी। स्रोत संगठन
- फोटो : संवाद
मैनपुरी। उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ जिला कार्यकारिणी की आवश्यक बैठक जिला उपाध्यक्ष स्वराज शाक्य के आवास पर आयोजित हुई। जिला अध्यक्ष अरुण यादव ने कहा कि शिक्षक वर्तमान समय में भारत सरकार की शिक्षकों के प्रति बेरुखी और दमनकारीपूर्ण रवैया से बेहद आहत और दुखी है l पूर्व में नियुक्ति शिक्षकों पर टीईटी की अनिवार्यता का काला कानून है। इसके विरोध में संघ इस साल होली मिलन समारोह नहीं मनाएगा। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. दिनेश चंद्र शर्मा के नेतृत्व में टीचर्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (टीएफआई) टीईटी अनिवार्यता थोपे जाने वाले अन्यायपूर्ण कानून के विरोध में निरंतर संघर्ष कर रहा है l ऐसी विषम परिस्थिति में शिक्षकों की मनोस्थिति को ध्यान में रखते हुए और सरकार के इस काले कानून के विरोध में सर्वसम्मति से यह निर्णय लिया गया कि उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ इस वर्ष होली मिलन समारोह का आयोजन नहीं करेगा। संगठन अपनी सारी ऊर्जा आरटीई एक्ट से पूर्व नियुक्त शिक्षकों के लिए टीईटी अनिवार्यता के काले कानून के विरोध में प्रयुक्त करेगा। जिला वरिष्ठ उपाध्यक्ष सुभाष कश्यप ने सभी शिक्षकों से टीईटी के खिलाफ दिल्ली में आयोजित होने वाले आगामी विशाल राष्ट्रीय आंदोलन एवं विरोध प्रदर्शन में बढ़ चढ़ कर प्रतिभाग करने का आह्वान किया। बैठक में सुनील कुमार जिला सलाहकार, जितेंद्र वर्मा जिला कोषाध्यक्ष, राजीव मिश्रा संयुक्त मंत्री, सुरेंद्र यादव, स्वराज शाक्य, विकास यादव, हरीश कुमार, जितेंद्र बाथम आदि उपस्थित रहे।