फोटो 13 बेवर क्षेत्र में छाए कोहरे के बीच से गुजरते वाहन। संवाद
मैनपुरी। मंगलवार सुबह जब लोग सोकर उठे तो कई इलाकों में घना कोहरा देखने को मिला। मार्च के महीने में सर्दी जैसा कोहरा देखकर लोग चौंक गए। गर्मी के बीच कोहरा कैसे छाया ये जानने के लिए लोग गूगल पर जानकारी लेते रहे। कोहरे से जहां गर्मी से कुछ राहत मिली। वहीं, वाहनों की रफ्तार भी ब्रेक लग गई। कृषि मौसम वैज्ञानिक का कहना है कि वायुमंडल में नमी होने की वजह से कोहरा छाया है। वहीं, उन्होंने बताया कि अगले कुछ दिनों में बादल छाए रहने की भी संभावना है। मार्च में गर्मी की शुरूआत हो गई है। अभी से ही अधिकतम पारा 34 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया है। वहीं, न्यूनतम पारा 19 डिग्री तक पहुंच गया है। ऐसे में लोगों को अभी से ही तपिश झेलनी पड़ रही है। वहीं, मंगलवार को सुबह करीब 7 बजे अचानक से मौसम में बदलाव देखने को मिला। जनपद के बेवर, कुसमरा, किशनी और एलाऊ क्षेत्र में घना कोहरा छाया रहा। लोग घर से निकले तो मौसम का ऐसा बदलाव देखकर चौंक गए। मौसम के अचानक बदलाव के चलते लोग मोबाइल पर इसका कारण जानने में लगे रहे।
वहीं इस मामले पर कृषि मौसम वैज्ञानिक नरेंद्र वर्मा ने बताया कि कोहरे की संभावना सबसे ज्यादा तब रहती है जब वायुमंडल में नमी (आर्द्रता) हो। इससे सुबह के समय कोहरा छा सकता है। ऐसा तब होता है जब रात के तापमान में गिरावट, नमी और हवा की धीमी गति के कारण वाष्प संघनित होकर छोटे कणों के रूप में हवा में फैल जाती है। उन्होंने बताया कि मौसम विभाग के पूर्वानुमान विभाग के अनुसार अगले कुछ दिनों में बादल छाए रहने की संभावना है। वहीं, अभी न्यूनतम तापमान 19 डिग्री और अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।