मैनपुरी। मौसम में लगातार परिवर्तन हो रहा है। शुक्रवार को भी सुबह से दोपहर बाद तक तेज धूप के कारण लोग परेशान रहे। वहीं शाम होते ही बादल छा जाने से लोगों ने राहत की सांस ली। मौसम विभाग ने अगले पांच दिन के मौसम की जानकारी देते हुए 16 मार्च को हल्की बारिश की आशंका जताई है। सुबह आठ बजे से ही तेज धूप के कारण तापमान बढ़ना शुरू हुआ। दोपहर के समय न्यूनतम तापमान 20 और अधिकतम तापमान 36 तक पहुंच गया। शाम चार बजे के बाद अचानक मौसम में बादल छा गए इससे लोगों ने राहत की सांस ली। मौसम वैज्ञानिक नरेंद्र कुमार वर्मा ने अगले पांच दिन के मौसम की जानकारी दी। उन्होंने आगामी पांच दिन का पूर्वानुमान बताया कि 14 से 18 मार्च तक मध्यम बादल छाए रहने के साथ 16 मार्च को हल्की से बहुत हल्की बारिश होने की संभावना हैं। 14 और 15 मार्च को उत्तरी-पश्चिमी एवं 16 से 18 मार्च तक उत्तरी-पूर्वी सामान्य से मध्यम गति से हवा चलने की संभावना हैं। न्यूनतम तापमान 19.0 से 21.0 डिग्री और उच्चतम तापमान 33.0 से 34.0 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचेगा। उन्होंने न्यूनतम सापेक्षिक आद्रता 38 से 41 और उच्चतम सापेक्षिक आद्रता 65 से 80 प्रतिशत के बीच रहने की संभावना जताई है।