मैनपुरी। एसआईआर अभियान के तहत मतदाता सूची में काटे गए नामों को लेकर आपत्तियां दर्ज कराने का दौर शुरू हो गया है। ग्रामसभा महोलीखेड़ा में लगभग 250 मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से गायब होने से लोगों में आक्रोश है।
भोगांव क्षेत्र में दर्ज कराई गई आपत्तियों की जांच भोगांव उपजिलाधिकारी संध्या शर्मा के निर्देश पर तहसीलदार गांवों में जाकर कर रहे हैं। भोगांव विधानसभा क्षेत्र में एसआईआर अभियान के तहत कई मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से काटे जाने के आरोप लगाए गए हैं। विकासखंड सुल्तानगंज क्षेत्र की ग्रामीणों ने अलग-अलग आपत्तियां तहसील में दर्ज कराई थी। उप जिलाधिकारी संध्या शर्मा के निर्देश पर तहसीलदार गौरव कुमार ने रविवार को ग्राम महोलीखेड़ा में पहुचंकर मतदाताओं का भौतिक सत्यापन करके जांच शुरू की।
तहसीलदार गौरव कुमार ने बताया कि उप जिलाधिकारी के निर्देश के बाद ही महोलीखेड़ा में मतदाता सूची का सत्यापन कराया जा रहा है। किसी भी मतदाता का नाम गलत तरीके से मतदाता सूची से नही काटा जाएगा। इस मौके पर लेखपाल अंतिमा भारती मौजूद रहीं।