मैनपुरी। शहर के पंजाबी कॉलोनी स्थित श्री गुरुद्वारा साहिब में गुरु गोबिंद सिंह के 359वें प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में बृहस्पतिवार को धूमधाम से प्रभात फेरी निकाली गई। श्री गुरुद्वारा साहिब से प्रभात फेरी का शुभारंभ किया गया। प्रभात फेरी ने स्टेशन रोड, हरिदर्शन नगर आदि प्रमुख मार्गों का भ्रमण किया। प्रभात फेरी का पंकज कोहली और प्रतिपाल सिंह बग्गा के आवास पर स्वागत किया गया।
गुरुद्वारा साहिब के मुख्य ग्रंथी हरि सिंह ने कहा कि गुरु गोबिंद सिंह ने ‘’मानस की जात सबै एकै पहचानबो’’ का उपदेश दिया। उन्होंने जुल्म के खिलाफ आवाज उठाने और धर्म व सच्चाई के मार्ग पर चलने की शिक्षा दी। गुरुद्वारा सभा के सचिव नरेंद्र कालरा ने बताया कि देश सिखों के दसवें गुरु, महान योद्धा और मानवता के रक्षक गुरु गोबिंद सिंह जी का प्रकाश पर्व धूमधाम से मनाया जाएगा। इस दौरान राजेश अरोरा, हरदीप सिंह, इंदरपाल सिंह, नाहर सिंह, दविंदर सिंह, कुलदीप सिंह, गुरदीप सिंह, शानू खत्री, सोनम कौर आदि मौजूद रहे।