फोटो 1 पुलिस सहायता केंद्र का शुभारंभ करते एसपी। संवाद
मैनपुरी। अकेले या परिवार के साथ मेला देखने गए हैं और किसी परेशानी में फंस गए हैं तो पुलिस तत्काल मदद के लिए पहुंचेगी। मंगलवार को पुलिस अधीक्षक गणेश प्रसाद साहा ने श्रीदेवी मेला परिसर में पुलिस सहायता केंद्र का शुभारंभ किया।
मौके पर एसपी सिटी अरुण कुमार सिंह, सीओ सिटी संतोष कुमार सिंह, सीओ ट्रेफिक दीपशिखा सिंह भी मौजूद रहे। एसपी ने कहा कि मेला में आने वाले लोगों को सुरक्षा प्रदान करना पुलिस की जिम्मेदारी है। लोग खुद भी सतर्क रहें। यदि किसी प्रकार की परेशानी हो तो सहायता केंद्र से मदद ले सकते हैं। परिसर में पर्याप्त पुलिस बल की व्यवस्था की गई है, कंट्रोल रूम के साथ ही थाना भी बनाया गया है। यहां 24 घंटे पुलिस कर्मी मौजूद रहेंगे, माता शीतला देवी मंदिर परिसर में सुरक्षा को लेकर 50 से अधिक सीसीटीवी लगे हैं। पुलिसकर्मी 24 घंटे निगरानी कर रहे हैं। मेला में आने वाले लोग आनंद लें, मगर इस बात का भी ख्याल रखें कि दूसरे को असुविधा न हो। एसपी ने परिसर का निरीक्षण कर पुलिस व्यवस्था का जायजा लिया। संवाद