मैनपुरी। थाना भोगांव क्षेत्र के गांव जसराजपुर में रिश्तेदारी में आए अनुसूचित जाति के युवक को नामजद लाेगों ने पीट कर घायल कर दिया। बचाने आए लोगों से भी हाथापाई की गई। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एससीएसटी सहित अन्य धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है।किशनी क्षेत्र के गांव सोनासी निवासी अनुसूचित जाति के प्रियांशू, दीपांशू और बिजेंद्र कठेरिया शनिवार को भोगांव क्षेत्र के गांव जसराजपुर आए थे। गांव में अरुण कुमार की मां के निधन के बाद तेरहवीं का कार्यक्रम था। शाम को प्रियांशु शाम के समय खेत की ओर जा रहा था, तभी वहां मौजूद विपिन राजपूत, लालू राजपूत, अभिषेक राजपूत और अरविंद राजपूत ने उस पर हमला बोल दिया। लाठी-डंडों से पीटकर घायल कर दिया। जब अरुण, उनकी पत्नी लवली, दीपांशु और विजेंद्र बचाने गए तो उन्हें भी पीटा गया। आरोपियों ने जातिसूचक गालियां देकर अपमानित किया। आरोपी जान से मारने की धमकी देकर भाग गए। पुलिस ने घायलों का मेडिकल कराया, प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।